गिरिडीह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) का एक प्रतिनिधिमंडल आज छात्र हितों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर परीक्षा नियंत्रक से मिला और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बीएड सेमेस्टर चार का परीक्षा परिणाम जारी करने, स्नातक सेमेस्टर छह के परीक्षा प्रपत्र भरने की तिथि बढ़ाने, स्नातक सेमेस्टर एक ओल्ड कोर्स का परिणाम जारी करने और स्नातक सेमेस्टर छह की परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को उठाना पड़ता है।

कई कॉलेजों में प्रोफेसर और किताबों की कमी है, फिर भी जल्दबाजी में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। स्नातक सेमेस्टर पांच का परिणाम जारी हुए पंद्रह दिन भी नहीं हुए और सेमेस्टर छह की तिथि घोषित कर दी गई, जिससे छात्र-छात्राओं पर दबाव बढ़ा है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर बाबूलाल मेहता, संतोष सिंह, उज्ज्वल तिवारी, मोंटी मंडल, सौरभ तिवारी, मयंक पांडे, सत्यम दुबे, मुन्ना कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।












