गिरिडीह राधास्वामी संगठन के नाम पर ठगी के मामले में नया मोड़ आया है। रविवार को गिरफ्तार शमीम अख्तर की पत्नी जैतुन प्रवीण ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा और जिला प्रभारी अनिशा सिन्हा के खिलाफ पचंबा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि दोनों ने जमा पूंजी पर कई गुना लाभांश का सब्जबाग दिखाकर ठगी की और लाभुकों से वसूली गई रकम को अपने निजी खाते में ट्रांसफर किया।

जैतुन प्रवीण ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2025 में उनके पति को संगठन से उम्मीदवार बनाया गया था और 38 लाख रुपए चुनावी खर्च देने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में कोई राशि उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अलावा दोनों पर 50 हजार रुपए लेने, बेटी की शादी में एक करोड़ देने और 8125 रुपए जमा करने पर 40 दिन में 250 ग्राम चांदी देने जैसे वादे पूरे न करने का आरोप भी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












