बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार फिल्मों को लेकर नहीं बल्कि अपने डांस को लेकर। हाल ही में इंग्लैंड के बर्मिंघम में एक ज्वेलरी स्टोर लॉन्च इवेंट के दौरान करीना कपूर सिल्वर शिमरी साड़ी में नजर आईं। इवेंट में उन्होंने सलमान खान स्टारर फिल्म दबंग 2 के सुपरहिट गाने फेविकोल से पर अपने हुक स्टेप्स कर महफिल लूट ली। वहां मौजूद लोगों ने उनकी परफॉर्मेंस का जमकर आनंद लिया और तालियां बजाईं। लेकिन यही डांस अब सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस का मुद्दा बन गया है।
करीना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां एक ओर उनके फैंस उनकी अदाओं और कॉन्फिडेंस की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, “ऐसे इवेंट पर आइटम सॉन्ग करना शोभा नहीं देता,” तो दूसरे ने कहा, “आपके पास और भी क्लासी गाने थे, लेकिन आपने ये क्यों चुना?” वहीं कुछ ने इसे उनकी पर्सनालिटी के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह एक्टिविटी एक दिवा जैसे स्टेटस पर जंचती नहीं है। हालांकि, ट्रोलिंग के बीच कई चाहने वाले ऐसे भी हैं जिन्होंने उनकी परफॉर्मेंस को बेहद मनोरंजक बताया और उन्हें सपोर्ट किया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर पिछली बार रोहित शेट्टी की फिल्म सिंघम अगेन में नजर आई थीं। अब वह मेघना गुलजार की फिल्म दायरा में पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी। फिल्मों और इवेंट्स से लगातार सक्रिय रहने वाली करीना कपूर अपने अंदाज और स्टाइल से हर बार चर्चा में रहती हैं। लेकिन इस बार उनका डांस लोगों के बीच पसंद और नापसंद दोनों ही तरह की प्रतिक्रियाएं बटोर रहा है।












