गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में बकरी चराने को लेकर विवाद ने शनिवार देर रात तूल पकड़ लिया। झरियागादी निवासी डब्लू पंडित ने थाना में आवेदन देकर पिंटू यादव, सूरज राय और उनके सहयोगियों पर मारपीट, धमकी और फसल बर्बादी का आरोप लगाया है। डब्लू पंडित का कहना है कि पिंटू यादव की बकरी अक्सर उनके खेत की फसल चर जाती थी। बीती रात भी यही घटना दोहराई गई, और जब उन्होंने शिकायत की तो पिंटू यादव और उसके सहयोगियों ने “मज़ा चखाने” की धमकी दी।

आरोप है कि देर रात पिंटू यादव और सूरज राय समेत कई लोग उनके कंपाउंड वाल को तोड़ते हुए खेत में घुसे और पूरी फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। डब्लू पंडित ने बताया कि पूरे परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और डराने-धमकाने की कोशिश भी हुई। इस मामले में उन्होंने मुफस्सिल थाना पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल देखा जा रहा है और ग्रामीण भी पुलिस हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए बैठे हैं।












