गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के बड़की सरिया में चोरों ने बीती रात तांडव मचाते हुए एक साथ चार घरों को निशाना बनाया और करीब सात लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। रोहाणी देवी पति धनेश्वर मंडल के घर से ढाई लाख रुपये नगद और आभूषण समेत लगभग पाँच लाख रुपये, बुंदिया देवी के घर से मंगलसूत्र, पायल और 18 हजार रुपये नगद, गोविंद स्वर्णकार के घर से 18 हजार रुपये नगद तथा संतोष मंडल के घर से 16 हजार रुपये नगद और जेवरात चोरी कर लिए गए।

चोर छत के दरवाजे तोड़कर घरों में दाखिल हुए और अलमारी-संदूक का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। परिजनों को रातभर इसकी भनक तक नहीं लगी और सुबह उठने पर घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है और लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती को मजबूत नहीं किया गया तो चोरों का मनोबल और बढ़ेगा।













