Aba News

मुंबई पर फिर मंडराया आतंक का साया: 14 पाक आतंकी घुसे, 400 किलो RDX से हमले की धमकी! 🚨

मुंबई एक बार फिर से दहशत के साए में है। पुलिस को मिले एक धमकी भरे मैसेज ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मैसेज में दावा किया गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं और 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब फिट कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, इसमें 400 किलो RDX का इस्तेमाल कर एक करोड़ लोगों को मौत के घाट उतारने की धमकी भी दी गई है। ये मैसेज सीधे मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया है और इसमें ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नामक संगठन का नाम भी शामिल है। धमकी ऐसे समय आई है जब पूरा शहर गणेशोत्सव और अनंत चतुर्दशी की तैयारियों में व्यस्त है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस धमकी ने 26/11 हमले की यादें ताजा कर दी हैं। मैसेज में साफ लिखा है कि विस्फोट के बाद पूरा मुंबई शहर हिल जाएगा। पुलिस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक आयोजनों के स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एनएसजी और एटीएस की टीमें भी अलर्ट पर हैं। इससे पहले भी मुंबई पुलिस को कई बार फोन कॉल और मैसेज के जरिए ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन इस बार टारगेट लाखों लोगों की जान को बताना इस धमकी को और भयावह बनाता है।

याद दिला दें कि बीते दिनों भी मुंबई को कई बार बम धमाके की चेतावनी मिल चुकी है। हाल ही में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को उड़ाने की धमकी मिली थी। इससे पहले 14 अगस्त को ट्रेन में ब्लास्ट की बात कहकर एक अज्ञात कॉलर ने फोन काट दिया था। पुलिस ने हर बार गहन जांच की, लेकिन कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा। बावजूद इसके, इस बार जो दावे किए गए हैं, उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। मुंबई पुलिस अब पूरी तरह सतर्क है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें