झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो चुका है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और तेज बारिश का दौर जारी है। पलामू में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 78.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि गढ़वा, गुमला और धनबाद समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश होती रहेगी। इसके चलते तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होगी और लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा।
मौसम विभाग ने इस बार साफ चेतावनी दी है। पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, सरायकीला-खरसावां और गढ़वा जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। इन जिलों में न सिर्फ भारी बारिश बल्कि वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और बिजली के खंभों, पेड़ों जैसी जगहों से दूरी बनाए रखें।
बारिश का आंकड़ा देखें तो पलामू में 78.4 मिमी, गढ़वा में 59 मिमी, गुमला में 49.1 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 48.4 मिमी और धनबाद में 31.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा खूंटी, बोकारो और पाकुड़ समेत कई जिलों में भी झमाझम बारिश हुई। वहीं, राजधानी रांची में सिर्फ 7.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, लेकिन यहां भी आसमान में घने बादल और ठंडी हवाओं ने मौसम सुहाना कर दिया। हालांकि इस लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या और परिवहन पर असर साफ दिख रहा है।












