झारखंड के सिमडेगा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के खैरन टोली में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार एसयूवी कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में 16 वर्षीय छात्र सूफियान खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार कक्षा 9 में पढ़ने वाला सूफियान खुद चला रहा था। हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क पर अचानक मवेशी आ गए और कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सूफियान गाड़ी से उछलकर झाड़ियों में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कार में बैठे उसके दोस्त आयुष और अंकित घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि हादसे के बाद एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया है, जिस पर शक है कि वह किसी निजी अस्पताल में इलाज करवा रहा है।
यह हादसा इसलिए और भी दुखद है क्योंकि बुधवार को करम उत्सव के चलते स्कूल बंद थे। छुट्टी का फायदा उठाकर नाबालिगों ने कार निकाल ली थी और यह सफर मौत में बदल गया। घटना ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अभिभावक इतनी बड़ी लापरवाही क्यों करते हैं कि नाबालिगों को कार या बाइक थमा दी जाती है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ न करें।












