गिरिडीह के कुटिया गली रोड पर बुधवार को श्याम बाबा के 40वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 301 निशान थामे भक्तों की टोली ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान जय श्री श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। विशेष रूप से सजे वाहन पर श्याम बाबा के साथ संकट मोचन हनुमान और भगवान शिव का भव्य दरबार आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाएं, युवतियां और युवा सभी बाबा श्याम की भक्ति में डूबे नजर आए, तो भक्तों की टोली कंधे पर बाबा श्याम की पालकी उठाए शहर भ्रमण पर निकली। श्रद्धालु पालकी के नीचे गुजरने को आतुर दिखे और पूरे आयोजन में अपार आस्था झलकती रही। शहर भ्रमण के बाद निशान यात्रा श्याम सेवा मंडल परिसर में संपन्न हुई, जहां देर रात दरबार सजा और भजन-कीर्तन पर भक्त झूमते नजर आए। वार्षिक महोत्सव के इस भव्य आयोजन में भक्तों का उत्साह और बाबा श्याम के प्रति अटूट विश्वास देखने लायक रहा।












