Aba News

वायुसेना को सितंबर में मिलेंगे 2 तेजस मार्क-1A, सरकार करेगी 97 नए फाइटर जेट्स की खरीद

भारतीय वायुसेना (IAF) को अगले महीने सितंबर में दो तेजस मार्क-1A लड़ाकू विमान मिलने वाले हैं। रक्षा सचिव आर.के. सिंह ने बताया कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) इन विमानों को सौंपेगा। इन एयरक्राफ्ट्स में हथियार सिस्टम (Weapons Integration) भी जुड़ चुका है।

97 नए तेजस का बड़ा करार

सरकार जल्द ही HAL से 97 और LCA मार्क-1A लड़ाकू विमान खरीदेगी। इसकी अनुमानित कीमत ₹67,000 करोड़ बताई जा रही है। फिलहाल वायुसेना में 38 तेजस शामिल हैं। इससे पहले फरवरी 2021 में HAL से 83 तेजस मार्क-1A के लिए ₹48,000 करोड़ का करार किया गया था। हालांकि अमेरिकी इंजन की डिलीवरी में देरी के कारण अभी तक एक भी विमान नहीं मिल सका था। अब उम्मीद है कि 2028 तक सभी 83 विमान वायुसेना को मिल जाएंगे।

MiG-21 की जगह लेंगे तेजस

रक्षा सूत्रों के मुताबिक नए तेजस विमानों से वायुसेना अपने MiG-21 बेड़े को रिप्लेस करेगी। गौरतलब है कि 62 साल तक सेवा देने के बाद MiG-21 को 19 सितंबर 2025 को रिटायर किया जाएगा। तेजस मार्क-1A को राजस्थान के नाल एयरबेस (बीकानेर) पर तैनात करने की योजना है। इसे मेक-इन-इंडिया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

अपग्रेडेड फीचर्स वाला लड़ाकू विमान

तेजस मार्क-1A, तेजस का एडवांस वर्जन है जिसमें अपग्रेडेड एवियॉनिक्स, रडार सिस्टम और 65% से ज्यादा स्वदेशी उपकरण लगे हैं। HAL के सीएमडी डी.के. सुनील ने कहा कि शुरुआती देरी तकनीकी खामी के कारण हुई थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2022 को बेंगलुरु में तेजस फाइटर जेट में उड़ान भरी थी। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की फाइटर प्लेन में पहली उड़ान थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें