Aba News

पीएम मोदी का संदेश: आपदाओं से जूझता भारत, युवाओं को नए अवसर और इतिहास से जुड़ी प्रेरणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। इस बार उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं से लेकर युवाओं, इतिहास, और नवाचार तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

आपदाओं का जिक्र और NDRF की सराहना
पीएम ने कहा कि मानसून सीजन में बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाएँ देश की बड़ी परीक्षा ले रही हैं। उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिनके प्रियजनों की मौत हुई और NDRF-SDRF व सुरक्षाबलों की तैनाती और साहसिक कार्यों की सराहना की।

UPSC उम्मीदवारों के लिए ‘प्रतिभा सेतु’
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो युवा UPSC की फाइनल सूची में शामिल नहीं हो पाए, उनकी जानकारी ‘प्रतिभा सेतु एप’ पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह डेटा देश की बड़ी कंपनियों से साझा होगा ताकि इन प्रतिभाशाली युवाओं को अच्छी नौकरियों का अवसर मिल सके।

हैदराबाद लिबरेशन डे की याद
पीएम मोदी ने सितंबर में मनाए जाने वाले हैदराबाद लिबरेशन डे का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 1948 में ऑपरेशन पोलो के जरिये सरदार पटेल ने हैदराबाद को निजाम की तानाशाही से आज़ाद कर भारत का हिस्सा बनाया।

जम्मू-कश्मीर की उपलब्धियाँ
बाढ़ और बारिश की चुनौतियों के बीच पीएम ने जम्मू-कश्मीर की प्रगति की सराहना की। पुलवामा में रिकॉर्ड दर्शकों की मौजूदगी में पहला डे-नाइट क्रिकेट मैच हुआ, जिसे उन्होंने ‘बदलते भारत की तस्वीर’ बताया।

मन की बात में प्रेरक लोग

  • जितेंद्र सिंह राठौड़ (सूरत): जिन्होंने हज़ारों शहीद जवानों का डेटा और मिट्टी संग्रहित कर परिवारों से जुड़ाव बनाए रखा।

  • देवकी उर्फ़ ‘सोलर दीदी’ (बिहार): जिन्होंने सोलर पंप लगाकर 40 एकड़ से ज्यादा खेतों की सिंचाई संभव बनाई।

  • डाइटमार बेयर्सडॉर्फर (जर्मनी): जिनकी पहल से शहडोल (मध्य प्रदेश) के फुटबॉल खिलाड़ी जर्मनी में ट्रेनिंग पाने जा रहे हैं।

‘मन की बात’ का दायरा
यह कार्यक्रम आज 22 भारतीय भाषाओं, 29 बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित होता है। इसे आकाशवाणी के 500 से अधिक प्रसारण केंद्रों से सुनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें