पर्यटन कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन गिरिडीह आउटडोर स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाते हैं।

इस अवसर पर 200 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने मटका दौड़, भारा दौड़, गुलेल प्रतियोगिता और बैडमिंटन जैसे खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के बाद विजेताओं को पदक और मेरिट प्रमाणपत्र, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, एसडीओ श्रीकांत या विस्पुते, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों की जोशपूर्ण भागीदारी ने जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को स्पष्ट किया।













