Aba News

अतरी विधानसभा चौपाल में नेताओं की गर्मागर्म बहस, जनता ने रखी समस्याओं की पूरी लिस्ट

गया जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में जनता और नेताओं के बीच आमने-सामने की बहस देखने को मिली। प्रभात खबर के इलेक्शन एक्सप्रेस के तहत खिजरसराय के जज्बा पैलेस में आयोजित इस चौपाल में संभावित प्रत्याशियों और जनप्रतिनिधियों से जनता ने सीधे सवाल दागे। मंच पर मौजूद नेताओं को बार-बार जनता के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा, जिससे माहौल कई बार गरमा गया। डिग्री कॉलेज, फूड प्रोसेसिंग प्लांट, स्वास्थ्य सुविधाएं, भ्रष्टाचार और पइन की सफाई जैसे स्थानीय मुद्दे चौपाल में सबसे ज्यादा गूंजे।

जनता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति बेहद खराब है। खिजरसराय, मोहड़ा और अतरी प्रखंड में डिग्री और पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग लंबे समय से अधूरी है। वहीं, अंचल कार्यालय में जमीन के कागजात सही कराने के नाम पर फैले भ्रष्टाचार ने लोगों को नाराज कर दिया। किसानों ने कहा कि क्षेत्र की 10 पइनें अतिक्रमण और गंदगी के कारण बेकार हो गई हैं, जिससे सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचित नहीं हो पा रही। जनता ने नेताओं से पूछा कि बार-बार चुनाव जीतने के बावजूद उनकी बुनियादी मांगें क्यों पूरी नहीं हो रही हैं।

इस चौपाल में पूर्व विधान पार्षद और जदयू नेता संजीव श्याम सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष डॉ. शीतल प्रसाद यादव, लोजपा-आर के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह की प्रतिनिधि रीता गहलोत, राजद के जिला महासचिव रौशन यादव, अजय कुशवाहा के प्रतिनिधि श्रवण कुशवाहा और भाजपा नेता धर्मेंद्र यादव के प्रतिनिधि विजय सिंह मौजूद रहे। नेताओं ने अपने-अपने वादे रखे—लोजपा-आर की ओर से कहा गया कि चिराग पासवान की पहल पर जल्द ही अतरी में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगेगा। वहीं, एनडीए नेताओं ने दावा किया कि अगर उनकी सरकार बनी तो डिग्री कॉलेज और पइन की सफाई की समस्या पर काम होगा। हालांकि, जनता का सवाल साफ था—“वादा बहुत हो चुका, अब जमीन पर काम कब होगा?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें