भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी और उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शमी के हालिया इंटरव्यू के बाद हसीन जहां ने सोशल मीडिया पर एक तीखा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने इशारों-इशारों में क्रिकेटर पर गंभीर आरोप लगाए और यह भी कहा कि उन्हें डराने की कोशिश की गई थी। हसीन जहां का यह बयान लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है और पुराने विवादों को फिर से ताज़ा कर रहा है।
हसीन जहां ने इंस्टाग्राम पर लिखा – “पागल आवारा कुत्तों से डरना होता मुझे, तो 2018 में ही डर जाती। जितना चाहे जोर लगा ले मुझे डराने की, झुकाने की, बर्बाद करने की। मैं अल्लाह के करम से और मजबूत और मजबूत बनते जाऊंगी इंशाल्लाह।” माना जा रहा है कि यह बयान सीधे 2018 की उस एफआईआर से जुड़ा है, जो उन्होंने जादवपुर थाने में दर्ज कराई थी। उस दौरान हसीन ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा व मैच फिक्सिंग तक के गंभीर आरोप लगाए थे। इस पोस्ट ने शमी के निजी जीवन पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि शमी और हसीन जहां ने 2014 में शादी की थी, लेकिन 2018 में दोनों के रिश्ते में दरार पड़ गई और मामला अदालत तक पहुंच गया। हसीन जहां लगातार शमी पर गंभीर आरोप लगाती रही हैं, वहीं हाल ही में उन्होंने कहा था कि शमी महिलाओं पर पैसा खर्च करते हैं लेकिन अपनी बेटी की पढ़ाई की जिम्मेदारी नहीं उठाते। दूसरी ओर, शमी ने अपने इंटरव्यू में साफ किया कि वह अतीत को पीछे छोड़ चुके हैं और अब केवल क्रिकेट पर ध्यान देना चाहते हैं। बावजूद इसके, यह विवाद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।












