गिरिडीह प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार को झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ, गिरिडीह जिला इकाई की बैठक स्थानीय झंडा मैदान में आयोजित हुई। जिलेभर से सैकड़ों पोषण सखियां एकत्रित हुईं और सेवा पुनर्बहाल की पहली वर्षगांठ बड़े उत्साह के साथ मनाई। बता दें कि केन्द्रांश बंद होने के बाद 1 अप्रैल 2022 को पोषण सखियों की सेवा समाप्त कर दी गई थी, लेकिन लगातार संघर्ष के बाद हेमंत सोरेन सरकार ने 29 अगस्त 2024 को कैबिनेट की मंजूरी से इनकी सेवाएं बहाल कीं।

इस खुशी में पोषण सखियों ने केक काटकर सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। मौके पर सखियों ने मंत्री व गिरिडीह सदर विधायक सुदीव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मुर्मू का भी आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयास से सेवा पुनर्बहाल संभव हो सका। कार्यक्रम में सीमा कुमारी, रीता दास, ज्योति दास, कल्याणी कुमारी, सबीना खातून, गजाला परवीन, शमा परवीन समेत बड़ी संख्या में पोषण सखियां मौजूद थीं।












