गिरिडीह, 29 अगस्त 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आज गिरिडीह जिले के मुफ़स्सिल थाना के पास जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस पअभियान का नेतृत्व जिला परिवहन दाधिकारी संतोष कुमार और यातायात प्रभारी दुगनो टोप्पो ने किया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑन स्पॉट कार्रवाई की गई और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

अधिकारियों ने खासकर उन वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जो प्रेशर हॉर्न, मल्टी-हॉर्न या ब्लैक स्पॉट का उल्लंघन कर रहे थे। जांच के दौरान चालकों को बताया गया कि ध्वनि प्रदूषण न केवल कानों और मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है बल्कि इससे हृदय रोग, तनाव और नींद संबंधी बीमारियाँ भी हो सकती हैं। यही कारण है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

अभियान में लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें भी समझाई गईं। इनमें हेलमेट और सीटबेल्ट पहनने की अनिवार्यता, शराब पीकर गाड़ी न चलाने की सख्त चेतावनी और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन करना न केवल अपनी बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें और अपने परिवार के साथ पूरे समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग दें। गिरिडीह जिला प्रशासन और यातायात विभाग की यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।













