पटना, 30 अगस्त 2025। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने के मामले ने शुक्रवार को बिहार की राजनीति को गरमा दिया। घटना के बाद पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच जमकर नारेबाजी, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। बवाल इतना बढ़ गया कि कई गाड़ियों में तोड़फोड़ तक कर दी गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। वे राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। थोड़ी ही देर में कांग्रेस कार्यकर्ता भी बाहर निकल आए और पलटवार में नारे लगाने लगे। इसके बाद विवाद हिंसक रूप ले बैठा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिसके कारण आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने हस्तक्षेप कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया।
यह मामला तब भड़का जब दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव निवासी रिजवी उर्फ राजा ने राहुल गांधी की यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पीएम मोदी और उनकी माताजी को अपशब्द कहे। गुरुवार देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रिजवी पेशे से पिकअप ड्राइवर है। इस घटना के बाद बीजेपी नेताओं ने पटना के गांधी मैदान थाने में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। हालांकि अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है।
घटना पर केंद्रीय गृहमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस द्वारा पीएम मोदी की माताजी को लेकर अपशब्द कहना सबसे घृणित काम है। राहुल गांधी जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, वह देश के सार्वजनिक जीवन को नीचे की ओर ले जाएगी।” उधर, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। हम संविधान और सत्य की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।” वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस घटना को “अत्यंत अशोभनीय” बताते हुए इसकी निंदा की है।












