गिरिडीह के गायत्री शक्तिपीठ में आज एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह ने की। यह गोष्ठी वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित राम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्वलित अखंड दीप शताब्दी समारोह, माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और आचार्य श्री की साधना शताब्दी की तैयारियों के लिए आयोजित की गई। शांतिकुंज से पधारे त्रिलोचन साहू ने बताया कि पंडित राम शर्मा आचार्य ने 18 जनवरी 1926 को अखंड दीप प्रज्वलित किया था, जिसका शताब्दी वर्ष 2026 में पूरा होगा। इसी अवसर पर 19 से 23 जनवरी 2026 तक हरिद्वार में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन होगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों कार्यकर्ता और संगठन प्रमुख शामिल होंगे।

इसके अलावा नवंबर 2026 में हरिद्वार में एक और भव्य आयोजन कर मिशन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। वहीं, माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर उनके जन्मस्थान आगरा में भव्य स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया है। विचार गोष्ठी में गायत्री परिवार गिरिडीह के परिजनों ने सहयोग का संकल्प लिया और शाम को दुर्गा मंडप बेंगाबाद में भी इसी विषय पर दूसरी गोष्ठी आयोजित की गई।













