झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कार्यालय, गिरिडीह में आयोजित होने वाली अंतिम जोहार यात्रा को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने की, जबकि संचालन अजीत कुमार पप्पू ने किया। इसमें यह निर्णय लिया गया कि केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार गिरिडीह जिले के सभी पंचायतों में अंतिम जोहार यात्रा का आयोजन होगा। इस दौरान यात्रा के रूट चार्ट और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नेताओं ने कहा कि यह यात्रा केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि दिशोम गुरु जी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम होगी। शाहनवाज अंसारी ने इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया, वहीं अजीत कुमार पप्पू ने संगठन की एकजुटता का संदेश देने पर ज़ोर दिया। केन्द्रीय समिति सदस्य प्रणव वर्मा ने कहा कि यह यात्रा आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज की आवाज़ बनेगी और गुरु जी के संघर्षों को नई ऊर्जा देगी।













