झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड के फिटकोरिया पंचायत अंतर्गत पतरोडीह गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव के रहने वाले दिनेश दास के 8 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार और 6 साल की बेटी रितिका कुमारी की छोटे तालाब (डोभा) में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे बुधवार दोपहर घर से शौच जाने के बहाने निकले थे और तालाब के पास खेलने लगे। इसी दौरान पैर फिसल जाने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
जब बच्चे देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब के किनारे कपड़े देख ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने पानी में खोज शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों मासूमों को तालाब से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। पहले महेशमुंडा के निजी अस्पताल, फिर गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि दिनेश दास अपने परिवार के साथ सूरत में रहते थे और पिता की बीमारी की वजह से 22 अगस्त को गांव लौटे थे। दुखद पहलू यह है कि प्रिंस और रितिका ही परिवार के इकलौते बच्चे थे। पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने इनकार कर दिया और शव घर ले आए। घर पहुंचते ही मातम और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। मां लगातार बेहोश हो रही थीं और परिजन उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे। पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है और हर कोई इस घटना को “किस्मत का क्रूर खेल” मान रहा है।












