गिरिडीह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को महज 24 घंटे में दबोच लिया। आरोपी की पहचान अंकित कुमार मिश्रा (21 वर्ष), निवासी राजेंद्र नगर, गिरिडीह के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी।

मामला 27 अगस्त का है, जब अंकित का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उसने दोनों मंत्रियों को 24 घंटे के भीतर उड़ा देने की बात कही थी। इस गंभीर प्रकरण पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने तत्काल एसआईटी का गठन कर जांच तेज की। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर आरोपी को पटना से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अंकित ने वीडियो बनाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस को अभी तक किसी गिरोह से उसके संबंध के प्रमाण नहीं मिले हैं।












