हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए गुजराती सिनेमा से आई Vash Level 2 किसी झटके से कम नहीं है। जहाँ एक ओर 400 करोड़ खर्च करने के बाद भी बॉलीवुड की बड़ी फिल्में दर्शकों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही हैं, वहीं सिर्फ 10 करोड़ में बनी यह फिल्म दर्शकों को हिला कर रख देती है। Vash का रीमेक पहले अजय देवगन ने शैतान नाम से बनाया था, और अब इसका दूसरा पार्ट सीधे हिंदी में रिलीज़ किया गया है। सवाल उठ रहा है कि जब शैतान 2 आएगी तो वो इस फिल्म के सामने क्या नया कर पाएगी।
कहानी की बात करें तो फिल्म में दिखाया गया है कि स्कूल कैंटीन में खाना खाने के बाद अचानक 10 लड़कियां स्कूल की छत पर चढ़कर खुदकुशी की कोशिश करती हैं। इसके बाद बाकी छात्राएं पूरे शहर में खौफनाक घटनाएँ अंजाम देती हैं। वे लगातार “प्रताप अंकल” का नाम लेती हैं, लेकिन आखिर ये अंकल कौन हैं और लड़कियों के पीछे ऐसी रहस्यमयी ताकत क्यों है – ये रहस्य फिल्म के साथ खुलता है। कहानी इतनी टाइट है कि दर्शकों को पलक झपकने का मौका नहीं मिलता।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका डायरेक्शन और दमदार परफॉर्मेंस है। निर्देशक कृष्णदेव याग्निक ने कमाल का काम किया है। 2 घंटे से कम की फिल्म को तेज़-तर्रार और बिना खींचे पेश करना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। जानकी बोड़ीवाला ने अपने लुक और एक्सप्रेशन से खौफ पैदा किया, वहीं हितु कनोडिया, हितेन कुमार और मोनल गज्जर ने भी शानदार अभिनय किया। फिल्म दर्शाती है कि बड़ा बजट या बड़े स्टार्स नहीं, बल्कि दमदार कहानी और ईमानदार प्रस्तुति ही दर्शकों को थिएटर तक खींच सकती है।












