उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले का निक्की भाटी मामला अब और उलझता जा रहा है। 21 अगस्त को सिरसा गाँव में 26 वर्षीय निक्की की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत के बाद अस्पताल का मेमो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जैसे नए सबूत सामने आए हैं। फुटेज में निक्की के पति विपिन भाटी को घटना के वक्त इधर-उधर भागते हुए देखा गया है। पड़ोसी और स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो उसी दिन का है। पुलिस ने फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया है और कहा है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर कार्रवाई होगी।
पुलिस के मुताबिक, विपिन पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी निक्की को पीटा, फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। दिल्ली ले जाते समय निक्की की मौत हो गई। इस मामले में विपिन, उसके माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही निक्की को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। परिवार का दावा है कि पहले गहने, गाड़ी और बाइक देने के बाद भी उस पर 36 लाख रुपये और लग्ज़री कार की मांग की जा रही थी। वहीं निक्की की बहन कंचन ने भी एफआईआर में ससुराल पक्ष पर साजिशन जलाने का आरोप लगाया है और बताया कि उसे भी उस वक्त पीटा गया था।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। निक्की के पिता भिखारी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों पर बुलडोज़र चलाया जाए और उन्हें फांसी की सजा मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या इंस्टाग्राम रील्स इस घटना का कारण नहीं हैं, बल्कि यह सीधा-सीधा दहेज हत्या का मामला है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच और अदालत का फैसला पीड़ित परिवार को कब और कितना न्याय दिला पाता है।












