Aba News

JSSC-CGL घोटाले की जांच अब नई SIT करेगी, बड़े अफसरों को मिली जिम्मेदारी

झारखंड एसएससी-सीजीएल परीक्षा घोटाले की जांच अब और तेज हो गई है। डीजीपी अनुराग गुप्ता के आदेश पर इस मामले की जांच के लिए उच्च अधिकारियों की एक नई एसआईटी गठित की गई है। इस विशेष जांच दल का नेतृत्व झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे करेंगे, जबकि इसमें सीआईडी के डीआईजी चंदन कुमार झा और एससीआरबी के डीआईजी वाईएस रमेश को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा केस के अनुसंधान का प्रभार विशेष शाखा के एसपी हरदीप पी जनार्दनन को सौंपा गया है।

गौर करने वाली बात यह है कि पहले इस केस की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी को दी गई थी। लेकिन हाईकोर्ट में सीजीएल परीक्षा से जुड़े घोटाले की सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान, अदालत ने सीआईडी डीएसपी द्वारा दाखिल शपथ पत्र पर असंतोष जताया था। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा उच्च रैंक के अधिकारियों को सौंपा जाना चाहिए। इसी आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय ने नई एसआईटी का गठन किया।

सीआईडी की अब तक की जांच में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की जा चुकी है। अब नई एसआईटी इस मामले की तह तक जाएगी और घोटाले की सच्चाई को उजागर करने की कोशिश करेगी। उम्मीद है कि इस सख्त कार्रवाई से न सिर्फ इस बड़े घोटाले की परतें खुलेंगी, बल्कि भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें