Aba News

जमशेदपुर में हाईटेंशन ड्रामा! प्रेमी से न मिलने पर युवती 40 फीट पोल पर चढ़ी, 5 घंटे तक मचाया हंगामा

जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव इलाके में मंगलवार को एक शादीशुदा महिला ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। दरअसल, महिला रांची से अपने प्रेमी से मिलने जमशेदपुर पहुंची थी, लेकिन जब प्रेमी ने मिलने से साफ इनकार कर दिया तो वह गुस्से और आक्रोश में 40 फीट ऊंचे हाईटेंशन पोल पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। पांच घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, पुलिस और टाटा स्टील बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही।

थाना प्रभारी सरयू आनंद समेत पुलिसकर्मियों ने माइक से महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बार-बार सिर्फ यही कहती रही कि जब तक उसका प्रेमी सामने आकर उसे मनाएगा नहीं, वह नीचे नहीं उतरेगी। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय एक युवक पोल पर चढ़ा और महिला को काफी देर तक समझाता रहा। अंततः युवक ने अपने मोबाइल से प्रेमी से फोन पर बात कराई। प्रेमी की आवाज सुनने के बाद महिला शांत हुई और नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। टाटा स्टील बिजली विभाग के क्रेन की मदद से उसे सुरक्षित उतारा गया और पुलिस ने तुरंत उसे एमजीएम अस्पताल भेज मेडिकल चेकअप कराया। फिलहाल उसे महिला थाना साकची में रखा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

इधर, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे ‘हाईटेंशन लव ड्रामा’ बता रहे हैं। खास बात यह है कि इसी दिन सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल पर भी एक महिला आत्महत्या की नीयत से नदी में कूदने वाली थी, लेकिन गश्त कर रही पुलिस और स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया। दोनों घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस बल्कि पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है और यह साफ कर दिया है कि प्रेम और पारिवारिक कलह कभी-कभी कितना खतरनाक रूप ले सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें