गिरिडीह खंडोली डैम संरक्षण को लेकर शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। झारखंड लोक कल्याण मंच (JLKM) के बैनर तले आंदोलनकारियों ने बैगाबाद अंचल अधिकारी का प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाला और टावर चौक पर पुतला दहन कर अंतिम संस्कार किया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि अंडा फैक्ट्री और मशरूम फैक्ट्री से फैल रही गंदगी के कारण खंडोली डैम प्रदूषित हो रहा है, लेकिन लगातार मांग के बावजूद CO ने सीमांकन और बॉउंड्री की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

JLKM के केंद्रीय महासचिव नारायण चंद्रवंशी ने कहा कि आज प्रतीकात्मक रूप से अंतिम संस्कार किया गया है, दस दिन बाद दशक्रम और बारहवें दिन बारहवीं का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खंडोली संरक्षण को लेकर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और रांची से लेकर दिल्ली तक आवाज उठाई जाएगी। संगठन ने ‘खंडोली बचाओ आंदोलन’ की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा कि खंडोली डैम गिरिडीह की धरोहर है और इसे बचाने के लिए संघर्ष हर स्तर तक जारी रहेगा।













