गिरिडीह, 26 अगस्त 2025। झारखंड के दो कद्दावर मंत्रियों को खुलेआम जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। नगर विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी को 24 घंटे के भीतर मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी गिरिडीह के बभनटोली मोहल्ले के निवासी बताने वाले अंकित मिश्रा नामक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी है। युवक का दावा है कि उसका कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से करीबी संबंध है और उसने दोनों मंत्रियों को जान से मारने की कसम खाई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने न केवल गिरिडीह, बल्कि पूरे झारखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। एक ओर जहां यह धमकी गंभीर सुरक्षा चुनौती के रूप में देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। युवक ने जिस अंदाज में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से नजदीकी का दावा किया है, उसने पुलिस और खुफिया एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
इस मामले पर गिरिडीह के एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने कहा कि उन्हें धमकी वाला वीडियो प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और धमकी देने वाला युवक जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। सुरक्षा एजेंसियां भी इस बात की तहकीकात में जुटी हैं कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
फिलहाल, दोनों मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस धमकी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया के जरिये अपराधी और असामाजिक तत्व किस तरह माहौल को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।












