गिरिडीह में लगातार हो रही बारिश के कारण भू-धंसान की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को वार्ड नंबर 22 पेसरा बहियार में अचानक करीब 30 से 40 फीट गहरा गोफ बन गया, लेकिन मंगलवार तक जिला प्रशासन और सीसीएल प्रशासन की ओर से इसे भरने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस रास्ते से भारी वाहनों और स्कूली बच्चों का रोजाना आवागमन होता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गोफ को समय रहते नहीं भरा गया तो यह और फैल सकता है और पूरी सड़क को क्षतिग्रस्त कर देगा। मौके पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अशोक रजक, मो. नसीम, मो. शकील, मो. शिराज, लेखराज शर्मा, मो. अकबर, मो. शमीम, मो. बबलू और रोहित कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और सीसीएल इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी करते हैं।













