गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के योगीटांड़ में सोमवार शाम एक खौफनाक घटना हुई, जहां स्थानीय निवासी गोपी दास ने अपनी पत्नी कंचन देवी (30 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना वार्ड संख्या-24 स्थित सामुदायिक भवन के पास हुई। खून से लथपथ कंचन को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन धनबाद पीएमसीएच रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
चार साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे भी हैं। शुरुआती जीवन सामान्य रहा, लेकिन विवाद बढ़ते-बढ़ते दो माह से चरम पर पहुंच गया था। तीन दिन पूर्व कंचन बच्चों संग घर छोड़ गई थी। पति ने गुमशुदगी की शिकायत की थी, जिसके बाद थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था। मगर घर लौटते वक्त गोपी ने पत्नी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक हत्या का कारण पारिवारिक विवाद है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।












