गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में सोमवार को सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां 19 वर्षीय छात्रा किरण कुमारी का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से झूलता मिला। मृतका जनता जरिडीह निवासी बहादूर सिंह की पुत्री थी और गिरिडीह में रहकर डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार, किरण बीते दिनों से स्व. कुणाल रंजन के मकान में किराये पर रह रही थी और उसने अपनी सहेली को भी साथ रहने के लिए बुलाने की बात कही थी।

सोमवार को जब सहेली कमरे पर पहुँची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों और मुखिया को सूचना दी गई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां छात्रा का शव साड़ी के फंदे से लटकता पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन किसी अन्य कारण की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।












