पचम्बा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी और इसी कड़ी में आज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार और पुलिस टीम ने छापेमारी कर मवेशी चोरी में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया।

साथ ही मौके से वाहन चालक जकीउद्दीन को गिरफ्तार किया गया है, जिसे बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से मवेशी चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा। पचम्बा पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












