Aba News

एशिया कप 2025 के लिए अफगानिस्तान की टीम का ऐलान, राशिद खान कप्तान के रूप में करेंगे नेतृत्व✨

एशिया कप 2025 के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर स्टार ऑलराउंडर राशिद खान को सौंपी गई है। 9 सितंबर से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की टीम ग्रुप बी में है, जहाँ उसे बांग्लादेश, श्रीलंका और हांगकांग से भिड़ना है। टीम का पहला मुकाबला हांगकांग से होगा। राशिद खान का अनुभव और नेतृत्व इस बार टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। उन्होंने अब तक 96 अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों में 161 विकेट लिए हैं और निचले क्रम में अहम बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

अफगानिस्तान के स्क्वॉड में कई अनुभवी खिलाड़ियों को जगह दी गई है। विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (66 मैच, 1683 रन), सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (44 मैच, 1105 रन) और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (47 मैच, 474 रन और 31 विकेट) टीम को मजबूत आधार देंगे। वहीं 40 वर्षीय दिग्गज मोहम्मद नबी अपने अनुभव से टीम को मजबूती देंगे। नबी के नाम 132 टी20 मैचों में 2237 रन और 97 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा गुलबदीन नईब और मुजीब उर रहमान भी अहम भूमिका निभाएंगे। खासतौर पर मुजीब की गेंदबाजी एशिया कप में टीम का ट्रंप कार्ड साबित हो सकती है।

अफगानिस्तान की घोषित टीम में शामिल खिलाड़ी हैं — राशिद खान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, दरविश रसूली, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, करीम जनत, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद इशाक, मुजीब उर रहमान, एएम गजनफर, नूर अहमद, फरीद अहमद मलिक, नवीन उल हक और फजलहक फारूकी। इस टीम में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अगर यह टीम तालमेल के साथ खेले, तो सुपर-4 में पहुँचकर बड़ा उलटफेर कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें