जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्कूल बसों का निरीक्षण किया और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। संत जोसेफ स्कूल, जमुआ में संचालित बसों की जांच के दौरान फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन और चालक-परिचालक से संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल की गई। डीटीओ ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी वाहन अद्यतन कागजात के साथ विधिसम्मत रूप से संचालित हों और चालक वैध लाइसेंसधारी हों।

साथ ही बसों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर, सेफ्टी लॉक और परिचालक की उपस्थिति अनिवार्य करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन पर विद्यालय प्रबंधन और बस मालिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीटीओ ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूलों को समय-समय पर वाहनों की जांच करानी चाहिए।












