गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के खेचगड़ी गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना घटी, जहाँ 45 वर्षीय बेहरी देवी पति दासों किस्कू को जहरीले सांप ने सोते समय डस लिया। पहले तो महिला ने हल्के दर्द को अनदेखा कर दिया, लेकिन जैसे-जैसे जहर फैलता गया, उनकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, पर कोई सुधार न होने पर सुबह उन्हें डुमरी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत से पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही डुमरी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में क्षेत्र में लगातार सांप निकलने की घटनाएँ बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।












