गिरिडीह में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक हुई। बैठक में मादक पदार्थों की खेती और तस्करी पर रोक लगाने को लेकर गहन चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई तेज करने और नशे की समस्या से निपटने के लिए सख्त रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अफीम की खेती की सूचना मिले, वहां तुरंत विनष्टीकरण किया जाए और दोषियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाए।

बैठक में नशीली दवाओं की बिक्री, सेवन, तस्करी और इनके बढ़ते दुष्प्रभावों पर गंभीर चर्चा की गई। उपायुक्त ने औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया कि नशीली दवाइयों की बिक्री का सही रिकॉर्ड रखें और बिना डॉक्टर की पर्ची के दवा देने पर रोक लगाई जाए। साथ ही झोला छाप चिकित्सकों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, ड्रग इंस्पेक्टर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।













