बिरनी प्रखंड के बरहमसिया चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया में खाताधारकों की समस्याएं दिन–प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। ग्राहकों का आरोप है कि एकमात्र कैशियर की लापरवाही और मनमानी से उन्हें रुपये निकालने या पासबुक प्रिंट कराने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, और कई बार पूरा दिन बीत जाने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है। वहीं, दलालों के जरिये 100–200 रुपये देकर तुरंत काम निपटाया जा रहा है। इससे आम जनता में आक्रोश है।

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब बुधवार को कैशियर ने हंगामे के बीच काउंटर बंद कर दिया और चला गया। खाताधारकों का कहना है कि वे काम–धंधा छोड़कर 20–25 किलोमीटर दूर से आते हैं, लेकिन बैंक में उनकी सुनवाई तक नहीं होती। हंगामे की जानकारी मिलते ही मुखिया बिष्णुदेव प्रसाद वर्मा और उप मुखिया मोहन वर्मा मौके पर पहुंचे और इसे गंभीर मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन व जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर जिम्मेदार स्टाफ़ पर कार्रवाई की मांग की है।












