जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों और कर्मियों को साफ निर्देश दिए हैं कि यदि कोई दोपहिया चालक बिना हेलमेट पेट्रोल लेने आता है तो उसे पेट्रोल देने से मना कर दिया जाए। इतना ही नहीं, नियम तोड़ने पर पेट्रोल पंप संचालकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के तहत चारपहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि सड़क हादसों में हो रही मौतों का मुख्य कारण हेलमेट न पहनना है। समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ कि जुलाई महीने में हुई 24 सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोगों की मौत हुई, जिनमें 9 लोग सिर्फ इसलिए जिंदगी से हार गए क्योंकि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं, 16 गंभीर घायलों में से 5 लोगों की जान हेलमेट की वजह से बच पाई। इन आंकड़ों ने प्रशासन को मजबूर कर दिया कि सख्ती से नियम लागू कर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
डीटीओ धनंजय और ट्रैफिक डीएसपी श्रीनीरज ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि हर पंप पर “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” के बोर्ड लगाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए जाएं, ताकि नियम तोड़ने वालों की पहचान की जा सके। प्रशासन का मानना है कि यह कदम न केवल लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करेगा, बल्कि सड़क हादसों में हो रही अनावश्यक मौतों को भी कम करेगा। यह अभियान सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अहम पहल है, जिसे सफल बनाने की जिम्मेदारी हर नागरिक की भी है।












