सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिलचस्प और भावुक कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह चौहान के बुलावे पर तुरंत दौड़ते चले आते हैं। साधना सिंह अपने पति को नाम से नहीं पुकारतीं बल्कि बड़े ही आत्मीय अंदाज़ में कहती हैं – “ओ कार्तिक के पापा, इधर आइए ना”। यह दृश्य देखकर मंत्री महोदय भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाते और तुरंत अपनी पत्नी के पास पहुंच जाते हैं। राजनीति की गंभीर दुनिया से अलग यह हल्का-फुल्का और प्यारा पल अब लोगों के दिलों को छू रहा है।
भारतीय परंपरा में अक्सर देखा जाता है कि पत्नी अपने पति का नाम सीधे नहीं लेती, बल्कि उन्हें अलग-अलग संबोधनों से पुकारती है। साधना सिंह का यह वीडियो उसी परंपरा और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाता है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने लिखा – “पहले जमाने की महिलाएं नाम नहीं लेती थीं, यह भारतीयता की पहचान है।” तो किसी ने मजाकिया लहजे में लिखा – “मामा जी तो नहीं बोल सकतीं न।” वहीं कुछ यूजर्स ने इसे प्यारा और संस्कारी वीडियो बताते हुए चौहान दंपत्ति को ढेरों शुभकामनाएं दीं।
कुल मिलाकर यह वीडियो इसलिए खास बन गया है क्योंकि इसमें राजनीति के शोर से हटकर परिवार का वह सहज और अपनापन भरा रिश्ता देखने को मिलता है, जिसे लोग मिस कर रहे थे। यही कारण है कि “ओ कार्तिक के पापा” वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है और हर कोई इसे अपने-अपने अंदाज में शेयर कर रहा है।












