बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने आखिरकार इंडस्ट्री में कदम रख दिया है, लेकिन अपने पिता की तरह एक्टर नहीं बल्कि डायरेक्टर के रूप में। उनकी पहली वेब सीरीज “The Bads of Bollywood” का लॉन्च 20 अगस्त को हुआ, जहां पूरा खान परिवार मौजूद रहा। इस खास मौके पर शाहरुख खान हाथ में फ्रैक्चर होने के बावजूद मुस्कुराते हुए नजर आए, लेकिन मीडिया की नज़रें सिर्फ आर्यन पर टिकी थीं। सबको इंतजार था उनके पहले शब्दों का, और जब उन्होंने माइक संभाला तो पूरे हॉल में सन्नाटा छा गया।
स्टेज पर आते ही आर्यन ने अपनी नर्वसनेस का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस स्पीच के लिए वो “दो दिन और तीन रातें” लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं। नर्वसनेस इतनी थी कि वो जेब में टॉर्च और पर्ची तक लेकर आए थे। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि अगर बिजली चली भी जाए तो उनके पास बैकअप है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर फिर भी मुझसे गलती हो जाए, तो “पापा तो हैं ही संभालने के लिए।” इस अंदाज ने मीडिया और फैन्स का दिल जीत लिया।
आर्यन खान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग उनकी स्पीच और पर्सनैलिटी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “वॉइस भी सेम है भाई।” दूसरे ने लिखा, “कॉपी पेस्ट है।” वहीं, कुछ फैन्स ने कहा कि वो एकदम अपने पापा की तरह लगते हैं — “जैसे पापा वैसे बेटा।” आर्यन का यह अंदाज साफ करता है कि भले ही उन्होंने कैमरे के पीछे काम चुना हो, लेकिन उनकी मौजूदगी में स्टारडम की झलक साफ दिखती है।












