दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की गुत्थी में पुलिस को चौंकाने वाला बयान मिला है। आरोपी राजेश खिमजी, जो फिलहाल पुलिस रिमांड पर है, ने पूछताछ के पहले दिन ही बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के कुत्तों से जुड़े आदेश के बाद उसे शिवलिंग में भगवान शिव के भैरव स्वरूप के दर्शन हुए। भैरव स्वरूप में आए कुत्ते ने उसे दिल्ली जाकर अपनी बात रखने का आदेश दिया। इसी के चलते वह उज्जैन से दिल्ली की ओर रवाना हुआ।
राजेश ने पुलिस को बताया कि वह शिव मंदिर बनाकर शिवलिंग की पूजा करता है। वहीं, दिल्ली आने के लिए उसने न तो टिकट लिया और न ही किसी को सूचित किया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरकर उसने राहगीरों से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घर का पता पूछा और मेट्रो से निकल पड़ा, लेकिन गलत स्टेशन पर उतर गया। बाद में रिक्शा लेकर आरोपी मुख्यमंत्री के निजी आवास तक पहुंचा और 50 रुपये किराया दिया। उसका दावा है कि वह सीएम से सिर्फ कुत्तों को दिल्ली से बाहर नहीं करने की अपील करना चाहता था।
लेकिन जब मुख्यमंत्री ने उसकी बात अनसुनी कर दी, तो राजेश ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस अब इस बयान की सच्चाई की जांच कर रही है। कहीं आरोपी जानबूझकर पुलिस को गुमराह तो नहीं कर रहा? फिलहाल आरोपी रिमांड पर है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की असली वजह आस्था थी या इसके पीछे कोई और साज़िश छिपी हुई है।












