गिरिडीह में कला संगम द्वारा आयोजित स्व. नन्दकिशोर प्रसाद स्मृति सारेगामा गीत प्रतियोगिता सीजन 13 का आगाज़ होने जा रहा है। प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन 13 और 14 सितंबर को अधिवक्ता संघ भवन में होगा, जबकि ऑडिशन 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है, जो 5 सितंबर तक चलेगा। पंजीकरण शुल्क 300 रुपये रखा गया है और आवेदन फार्म साहा गिफ्ट कॉर्नर तथा कला संगम सचिव के पास उपलब्ध हैं।
यह प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी—जूनियर ग्रुप (6 से 15 वर्ष) और सीनियर ग्रुप (16 वर्ष से ऊपर)। पहले दिन प्रतिभागियों को अपनी पसंद का एक गीत गाना होगा, वहीं दूसरे दिन चयनित कलाकारों को एक स्वयं च्वाइस और एक सेमी-क्लासिकल गीत प्रस्तुत करना होगा। शीर्ष दस कलाकारों का चयन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को प्रमाणपत्र, शील्ड और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रोफेशनल गायक और पिछले वर्ष के विजेताओं को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।












