गुजरात के अहमदाबाद में मामूली धक्का-मुक्की ने खौफनाक रूप ले लिया। खोकरा इलाके के सेवंथ-डे स्कूल में मंगलवार को 8वीं कक्षा के छात्र ने 10वीं में पढ़ने वाले छात्र को चाकू मार दिया। घायल छात्र को तुरंत मणिनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
छात्र की मौत से गुस्साई भीड़ ने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की। बसों, गाड़ियों और मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुँचाया गया, वहीं स्कूल स्टाफ पर भी हमला किया गया। पुलिस के सामने ही भीड़ ने हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विधायक, डीसीपी और एसीपी को मौके पर पहुँचना पड़ा। बजरंग दल, VHP और ABVP कार्यकर्ताओं ने भी ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हालात काबू से बाहर न हों, इसके लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।












