Aba News

गिरिडीह में सनसनीखेज हत्याकांड! दो दिन बाद झाड़ियों से मिला युवक का शव, तीन गिरफ्तार

गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित बरगंडा साईं मंदिर के पास छठ घाट की झाड़ियों से देर रात एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह निवासी रोहित के रूप में हुई है। सूचना पर नगर व मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने शक के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित के साथ तीनों आरोपियों की पुरानी अनबन थी। इसी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और उसे रात में साईं मंदिर के पास ले जाकर निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया। शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था, जो दो दिन पुराना पाया गया और उसमें से बदबू आने लगी थी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुँच गए।

इससे पहले रोहित 15 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिजनों ने मुफ्फसिल थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रोहित की मां ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद था, जिसमें पहले भी घर पर हमला, मारपीट और आगजनी की घटना हुई थी। उनका कहना है कि इन्हीं लोगों ने साजिश के तहत रोहित की हत्या करवाई है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें