गिरिडीह, 18 अगस्त 2025। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एजेंडावार योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई और निर्धारित लक्ष्य अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि आवंटित राशि को पंचायत स्तर पर सरकारी गाइडलाइन के अनुसार विभिन्न विकास योजनाओं में खर्च किया जाए।

उन्होंने साफ कहा कि कार्य की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शी कार्यप्रणाली, नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट के माध्यम से ही बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गुणवत्तापूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। बैठक में डीआरडीए निदेशक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












