गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के धरमपुर गांव का लाल संजय कुमार मुर्मू सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से आई आपदा में राहत-बचाव कार्य के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए CISF जवान का पार्थिव शरीर जब गांव पहुंचा तो हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर भारत माता की जय और “संजय बाबू अमर रहें” के नारों से इलाका गूंज उठा। लोग आंखों में आंसू और दिल में गर्व लिए शहीद को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
शहीद का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सुरक्षा बलों के जवान परिजनों के साथ खड़े नजर आए। धरमपुर गांव में मातम पसरा है, लेकिन साथ ही गर्व भी है कि बिरनी की धरती ने ऐसा सपूत दिया जिसने ड्यूटी निभाते हुए देश और मानवता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। संजय मुर्मू ने साबित कर दिया कि शहादत सिर्फ अंत नहीं, बल्कि अमरता की मिसाल है।












