दिल्ली की सुबह उस वक्त हड़कंप में बदल गई जब डीपीएस द्वारका, मॉडर्न कॉन्वेंट और श्रीराम वर्ल्ड स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। सुबह 7:34 बजे जैसे ही दिल्ली अग्निशमन सेवा को इसकी जानकारी मिली, तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल कैंपस को खाली कराया गया। बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डीपीएस द्वारका ने अभिभावकों को नोटिस जारी कर स्कूल को अनिवार्य रूप से बंद करने का निर्णय लिया। वहीं बच्चों को स्कूल बसों और प्राइवेट वैन से तुरंत घर भेजा गया।
इस घटना से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अभिभावक घबराहट में अपने बच्चों को लेने स्कूल गेट और बस स्टॉप पर पहुंचे। स्कूल प्रशासन ने कहा कि आज के सभी टेस्ट, प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं, जिनकी नई तारीखें बाद में घोषित होंगी। पुलिस ने पुष्टि की है कि धमकी अलग-अलग ईमेल आईडी से भेजी गई है, हालांकि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल बम निरोधक दस्ता तलाशी अभियान चला रहा है और दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर तैनात हैं।
हालांकि पुलिस और प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लेकिन लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने अभिभावकों और छात्रों के मन में डर बैठा दिया है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और पूरी तरह सतर्क रहें। दिल्ली में इससे पहले भी कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में झूठी साबित हुईं, लेकिन इस बार प्रशासन हर एंगल से जांच कर रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।












