गुरुग्राम से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बिग बॉस ओटीटी विनर और मशहूर यूट्यूबर-एक्टर एल्विश यादव के घर के बाहर रविवार तड़के फायरिंग की गई। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच तीन बाइक सवार बदमाशों ने धड़ाधड़ 24 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और एल्विश यादव के फैंस भी चिंता में पड़ गए।
फायरिंग की खबर मिलते ही गुरुग्राम पुलिस तुरंत हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। इलाके को घेरकर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। गोलीबारी के निशान घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर साफ दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, क्योंकि वे तीसरे फ्लोर पर रहते हैं। उस समय घर में उनके परिजन और केयरटेकर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में जुट गई है। वहीं, फैंस सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और एल्विश की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।












