गुमला जिले में मवेशी तस्करी का एक और मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। डुमरी थाना क्षेत्र के खेतली पंचायत अंतर्गत राताशिली गांव में रविवार को हुई इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। बताया गया कि एक बोलेरो के जरिए अवैध रूप से मवेशी ले जाए जा रहे थे। ग्रामीणों ने जैरागी और डुमरडार इलाके में वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन सहित भाग निकला। पीछा करते हुए ग्रामीणों और पुलिस ने राताशिली गांव में बोलेरो (संख्या JH 07D8428) को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी में तीन मवेशी बरामद किए गए जिन्हें ठूंस-ठूंसकर रखा गया था। मौके से दो आरोपी—याकूब खान और मसूद खान—को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बोलेरो वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया है। ग्रामीणों की सक्रियता इस कार्रवाई में बेहद अहम रही। पंचायत मुखिया जवाहर कवर, स्थानीय कार्यकर्ताओं और बजरंग दल के सदस्यों ने प्रशासन को मौके पर सहयोग दिया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस इलाके में मवेशी तस्करी की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे लोगों में आक्रोश था।
फिलहाल डुमरी थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि मवेशी तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












