झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त तक राज्यभर में गरज-चमक के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। 17 और 18 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 19 अगस्त को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भारी वर्षा के आसार जताए गए हैं। इस दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों में रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और गिरिडीह समेत कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। रांची में 27.4 मिमी, धनबाद में 37.4 मिमी और देवघर में 37.3 मिमी वर्षा हुई। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के पास बने लो-प्रेशर का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है, जो धीरे-धीरे गुजरात की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में 18 अगस्त को एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश का असर और तेज होगा।
तापमान की बात करें तो अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम केंद्र रांची ने बताया कि 20 अगस्त तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहेगा। उत्तरी और मध्य झारखंड में बारिश का असर ज्यादा दिखेगा, जबकि दक्षिणी जिलों में तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साफ है कि अगले कुछ दिनों तक झारखंडवासी बादलों की गरज और बारिश की बूंदों के बीच भीगे नजर आएंगे।












