Aba News

Giridih में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला – कुएं से मिली विवाहिता की लाश, ससुराल वालों पर आरोप

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा गांव में दो दिनों से लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान कोमल देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी है।

मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कोमल को पहले गर्म तेल से जलाया गया और उसके बाद हत्या को छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया गया। मृतका के भाई बीरबल, जो बेरमो के निवासी हैं, ने थाने में आवेदन देकर कोमल के पति राजेंद्र राम, सास-ससुर, भाई सहित अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक, कोमल की शादी वर्ष 2021 में अलगडीहा बगोदर निवासी राजेंद्र राम से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार मायके और ससुराल पक्ष के बीच मध्यस्थता भी हुई, लेकिन विवाद और झगड़े की स्थिति बनी रही। मायके वालों का आरोप है कि आखिरकार दहेज की मांग पूरी न होने पर कोमल की निर्मम हत्या कर दी गई।

इस मामले में मायके पक्ष ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब महिला दो दिन पहले गायब हुई थी, उस समय थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन उसे ढूंढने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया। अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो शायद कोमल की जान बच सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें